उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सासनी कोतवाली क्षेत्र में गांव नगला भूरा और राधिका ढाबे के नजदीक छोटा हाथी और सवारियों से भरे टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। बताया जा रहा है कि टेंपो में सवार कुछ युवक अलीगढ़ के मडराक स्थित क्रिकेट एकेडमी से अभ्यास कर वापस हाथरस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में एक महिला विनीता और उसके बेटे लक्ष्य को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार अब तक दो मृतकों की पहचान हुई है, जिनमें मेंडू निवासी सुरेंद्र का 18 वर्षीय पुत्र अश्वनी और महावीर सिंह शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान जहांगीर पूरी, दिल्ली निवासी ओंकार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।