सादाबाद (हाथरस) में सेंट फ्रांसिस स्कूल में कक्षा सातवीं की छात्रा की स्कूल वैन से गिरकर घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। गांव मढ़नई निवासी कृष्णगोपाल दीक्षित की बेटी साक्षी दीक्षित सात नवंबर को स्कूल की छुट्टी के बाद रोज की तरह वैन से घर लौट रही थी। बताया गया है कि घर पहुंचने से पहले अचानक वैन की खिड़की खुल गई, जिससे छात्रा संतुलन खोकर चलती गाड़ी से नीचे गिर गई। सड़क पर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद परिजन छात्रा को इलाज के लिए हाथरस और आगरा के अस्पतालों में ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा था। डॉक्टर लगातार उसकी जान बचाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन चोट गहरी होने के कारण हालत में सुधार नहीं हुआ। कई दिनों तक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष के बाद छात्रा ने गुरुवार की रात अस्पताल में अंतिम सांस ली।
बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम छा गया है। छात्रा की मौत की जानकारी मिलने पर बार एसोसिएशन की ओर से शोकसभा आयोजित की गई। बताया गया है कि मृतका बार एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल दीक्षित की नातिन तथा अधिवक्ता दीपक दीक्षित की भतीजी थी।
पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुरेंद्र पराशर की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि दी।
