हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला इमलिया के पास देर रात करीब एक बजे धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई, जिससे उसका अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे, जो हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव शेरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे।

गनीमत रही कि हादसे में कार सवार सभी पांच लोग बाल-बाल बच गए और किसी को मामूली खरोंच तक नहीं आई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कार सवार लोगों में दहशत फैल गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में लेकर हाथरस गेट थाने पहुंचाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई के संबंध में जानकारी अभी सामने नहीं आई है।