यूरोपीय स्पेस एजेंसी (ESA) का हेरा स्पेसक्राफ्ट डिडिमोस एस्टेरॉयड सिस्टम में पहुंच गया है और लगभग 25 से 30 किलोमीटर की दूरी से इसका अध्ययन कर रहा है। हेरा के ताजा अवलोकन से साल 2022 में नासा के DART मिशन की टक्कर के बारे में पहली बार विस्तृत जानकारी सामने आई है।
सितम्बर 2022 में नासा के डबल एस्टेरॉयड रिडायरेक्शन टेस्ट (DART) यान ने 151 मीटर चौड़े डिमोर्फोस से टक्कर मारी थी। यह पहला ऐसा स्पेस मिशन था, जिसका मकसद यह जांचना था कि स्पेसक्राफ्ट से टक्कर मारकर एस्टेरॉयड की दिशा बदली जा सकती है या नहीं। DART ने 22,000 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से टक्कर मारी थी, जिससे लाखों किलोग्राम चट्टानी मलबा अंतरिक्ष में फैल गया और 10,000 किलोमीटर से भी लंबी मलबे की लकीर बन गई। इस टक्कर से डिमोर्फोस का डिडिमोस का चक्कर लगाने का समय 33 मिनट कम हो गया था।
हेरा के अवलोकन से पता चला है कि टक्कर से डिमोर्फोस का एक हिस्सा चपटा हो गया है और वहां स्टेडियम के आकार का क्रेटर बन गया है। हेरा के मुख्य इन्वेस्टिगेटर पैट्रिक मिशेल के अनुसार, DART जिस हिस्से से टकराया वह एक स्टेडियम के आकार के गड्ढे में बदल गया है, जो पूरे एस्टेरॉयड की चौड़ाई तक फैला हुआ है। अध्ययन में यह भी सामने आया है कि डिमोर्फोस अपनी कक्षा में अनियंत्रित रूप से घूम रहा है और इसके आस-पास कुछ ऐसी चट्टानें हैं, जो पहले की जानकारी में नहीं थीं।
छोटी कार के आकार का हेरा स्पेसक्राफ्ट फिलहाल एस्टेरॉयड फ्रेमिंग कैमरा, मल्टीस्पेक्ट्रल इमेजर और थर्मल इन्फ्रारेड इमेजर की मदद से निगरानी कर रहा है। दिसम्बर में यह इन एस्टेरॉयड के और करीब, लगभग 13 किलोमीटर की दूरी तक जाएगा और अपनी आगे की जांच जारी रखेगा।
