टीवी अभिनेत्री हिबा नवाब ने अपने करियर के मुश्किल दौर और नए शो को लेकर खुलकर बात की है। सोनी सब के धारावाहिक 'लो चुड़ैल चली ससुराल' में उर्वशी की भूमिका निभा रही हिबा ने बताया कि उन्हें लंबे समय से कॉमेडी और सुपरनैचुरल प्रोजेक्ट करना था। पांच साल तक लगातार ड्रामा धारावाहिक करने के बाद उन्हें ड्रामा से ब्रेक चाहिए था, और इस शो में उन्हें दोनों चीजें एक साथ मिल गईं। उन्होंने बताया कि शो का प्रस्ताव आने के समय दूसरे चैनलों से भी बातचीत चल रही थी, जिससे बात अटक रही थी। शूटिंग जून में शुरू हुई, जबकि बातचीत जनवरी-फरवरी से चल रही थी। जब दूसरे प्रोजेक्ट नहीं बने, तो निर्माता के फोन आने पर उन्होंने शो के लिए हामी भर दी।
अपनी मां की प्रतिक्रिया के बारे में हिबा ने बताया कि उन्होंने शुरू में परिवार को शो के बारे में नहीं बताया, क्योंकि उन्हें लगा कि सब उनका मजाक उड़ाएंगे। प्रोमो देखने के बाद मां ने कहा कि उन्हें उनका असली वाला पात्र मिल गया है। हिबा ने बताया कि उनके दोस्त भी उनकी टांग खिंचाई करते हैं।
हिबा ने कहा कि शुरुआत में वह अभिनय को लेकर गंभीर नहीं थीं और सोचा था कि एक शो करके छोड़ देंगी, लेकिन पहले शो के बाद तुरंत दूसरा शो मिल गया। तब वह 17 साल की थीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने बहुत कोशिश की, सीखा और डांट भी खाई, और अनुभव के साथ उनकी कला बेहतर होती गई।
करियर के मुश्किल समय पर हिबा ने बताया कि वह आमतौर पर प्रोजेक्ट खत्म होने के बाद दो-ढाई महीने घर बैठती हैं, लेकिन 'झनक' खत्म होने के बाद न चाहते हुए भी एक साल बैठी रहीं। उनके एक के बाद एक तीन धारावाहिक बनते-बनते ठंडे बस्ते में चले गए, जो उनके लिए निराशाजनक रहा। उसी दौरान परिवार में भी कुछ समस्याएं आ गई थीं, जिससे पिछला एक साल काफी मुश्किल रहा। लड़कियों की आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण पर हिबा ने कहा कि लड़की को जीवन में हर तरह से सुरक्षित महसूस करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने उन्हें बहुत सपोर्ट किया और उनकी सफलता का पूरा श्रेय उन्हीं को जाता है।
