शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' का नया गाना 'डैडी कूल (किंग वर्जन)' रिलीज हो गया है, जिसमें करीना कपूर खान भी नजर आ रही हैं। यह गाना मेटा के कार्यक्रम 'हाउस ऑफ इंस्टाग्राम 2026' में लॉन्च किया गया, जहां देश के 700 से अधिक लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर्स एक साथ आए। गाना अब ज़ी म्यूजिक कंपनी और टी-सीरीज़ के यूट्यूब चैनलों पर उपलब्ध है।
इस गाने के जरिए शाहरुख और करीना की जोड़ी 15 साल बाद एक साथ स्क्रीन पर लौटी है। गाने में दोनों अपने डांस मूव्स से डांस फ्लोर पर धमाल मचाते नजर आ रहे हैं। बताया गया है कि गाने में शाहरुख अपने खास अंदाज से जान डालते हैं, जबकि करीना अपने स्टाइलिश अंदाज से दोनों की केमिस्ट्री को फिर से जिंदा करती हैं।
बोनी एम. के मशहूर ग्लोबल हिट गाने 'डैडी कूल' की मूल भावना को बरकरार रखते हुए इस नए वर्जन को सचिन-जिगर ने संगीतबद्ध किया है। मूल गाना फ्रैंक फारियन और जॉर्ज रेयम ने लिखा था। नए गाने को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सिंगर अरिजीत सिंह और शिल्पा राव ने अपनी आवाज दी है, जबकि राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट ने कोरियोग्राफी की है। गाने के हिंदी बोल कुमार ने लिखे हैं।
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी 'किंग' को रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने बनाया है। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म से सामने आ रही हर नई झलक दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रही है।
