ब्रिटिश कॉमेडियन और एक्टर रसेल ब्रांड इस समय जेल में सजा काट रहे हैं। लंदन की साउथवार्क क्राउन कोर्ट ने उन्हें एक महिला से दुष्कर्म और तीन अन्य महिलाओं के यौन उत्पीड़न के मामले में 10 साल 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। इस बीच थैंक्सगिविंग से ठीक पहले उनकी पत्नी लॉरा ब्रांड उनसे मिलने जेल पहुंचीं। उनके साथ उनके बच्चे भी थे। तस्वीरों में लॉरा बच्चों को कैमरों की नजरों से बचाते हुए जेल के अंदर ले जाती दिख रही हैं। यह पहली बार है जब उन्हें सार्वजनिक रूप से रसेल से मिलने जाते हुए कैमरे में कैद किया गया है।
बुधवार को इंग्लैंड की HM प्रिजन लिटिलहे की कुछ तस्वीरें सामने आईं, जिनमें लॉरा अपने बच्चों के साथ नजर आ रही हैं। इससे पहले रसेल का एक संदेश लॉरा द्वारा अपने यूट्यूब शो में पढ़कर सुनाए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया था और ब्रिटिश अधिकारियों ने इस मामले की जांच शुरू की थी। संदेश में कुछ ऐसा कहा गया था जो ब्रिटिश जेल के नियमों के खिलाफ था। नवंबर की शुरुआत में लॉरा ने अपने यूट्यूब शो 'संडे सर्विस' में रसेल का यह संदेश पढ़कर सुनाया था, जिसमें कॉमेडियन ने बलात्कार का दोषी पाए जाने के बावजूद खुद को निर्दोष बताया था। बाद में लॉरा ने इस विवाद पर बात की और माना कि उनके पिछले एपिसोड ने काफी ध्यान खींचा था। उन्होंने वादा किया कि आगे से वह जेल के नियमों का पालन करेंगी।
ब्रिटिश जेल के नियमों के अनुसार, कैदी ऐसा कोई बयान नहीं दे सकते जिससे उनके पंडितों को मानसिक परेशानी हो। इसमें किसी दूसरे व्यक्ति के जरिए सार्वजनिक रूप से संदेश पहुंचाना भी शामिल है।
रसेल ब्रांड को बलात्कार के एक मामले और यौन उत्पीड़न के तीन मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद साढ़े 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। हालांकि, ब्रांड ने इन आरोपों से इनकार किया था। उनका कहना था कि ये घटनाएं या तो आपसी सहमति से हुई थीं या फिर उन्हें मनगढ़ंत तरीके से पेश किया गया है। रसेल ब्रांड कभी ब्रिटेन के सबसे चर्चित ब्रॉडकास्टर्स में से एक रहे हैं और अमेरिकी गायिका कैटी पेरी के पूर्व पति भी रहे हैं। अब जेल में सजा काट रहे रसेल से उनकी पत्नी और बच्चों की मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।