लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में शुक्रवार को आयोजित संवादी के चौथे सत्र 'साहित्य, प्रकाशन और महिलाएं' में पटकथा लेखिका एवं उपन्यासकार अनु सिंह और लेखिका व संपादक अमृता त्रिपाठी ने अपनी बात रखी। सत्र का संचालन संस्कृतिकर्मी लिपिका भूषण ने किया। उन्होंने संपादकीय जगत से लेकर सिनेमा तक महिलाओं की निर्णायक भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाएं अब यह तय करने की क्षमता रखती हैं कि समाचार पत्रों और साहित्य में क्या प्रकाशित होगा, और इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे उनका लंबा संघर्ष रहा है।

अनु सिंह ने 2019 से शुरू हुई अपनी ओटीटी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि 'आर्या' और 'दिल्ली क्राइम' जैसी वेब सीरीज ने साबित किया है कि महिलाएं सशक्त और संवेदनशील कहानियों का नेतृत्व कर सकती हैं। नेटफ्लिक्स इंडिया समेत विभिन्न ओटीटी मंचों पर महिला रचनाकारों की सक्रियता बढ़ी है, लेकिन उनकी रचनात्मक भूमिका को स्त्री केंद्रित कहानियों तक सीमित कर देना उचित नहीं है। उन्होंने फिल्मों में महिला किरदारों के कमजोर चित्रण और उनके यौन वस्तुकरण पर चिंता जताई। 'एनिमल' और 'धुरंधर' जैसी फिल्मों का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि बड़े बजट और हजार करोड़ रुपये के कारोबार की होड़ में नायिका को अक्सर नायक की सहानुभूति हासिल करने या उसके देह प्रदर्शन के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, जो निर्माताओं को सबसे आसान व्यावसायिक रास्ता नजर आता है।

अमृता त्रिपाठी ने प्रकाशन जगत में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और आर्थिक स्वावलंबन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश की प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थाओं में शीर्ष नेतृत्व से लेकर सीईओ तक के पदों पर महिलाएं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रही हैं, और बिजनेस डेवलपमेंट, मार्केटिंग तथा बजट प्रबंधन में भी उनकी क्षमता उल्लेखनीय है। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वह अपने जीवनसाथी के साथ मिलकर व्यवसाय संचालित करती हैं, जिसमें आपसी विश्वास के आधार पर वित्तीय और रचनात्मक निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के लिए रचनात्मकता के साथ व्यावसायिक और आर्थिक समझ विकसित करना भी जरूरी है।

सत्र में महिला लेखन की विशिष्ट शैली, रचनात्मक क्षमता और बदलती भूमिका पर हुई चर्चा ने मालवीय सभागार में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रोताओं को सोचने का नया नजरिया दिया।