हिमाचल प्रदेश में एवोकाडो की खेती उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं हो पाई है, जबकि बाजार में इसके 60 से 80 रुपये तक दाम और अच्छी मांग है। बागवानी विभाग अब ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
एवोकाडो की खेती के लिए 800 से 1600 मीटर की ऊंचाई, 12 से 30 डिग्री सेल्सियस तापमान और सालाना 700 से 2000 मिलीमीटर वर्षा उपयुक्त बताई गई है। लेकिन प्रदेश में सर्दियों में पड़ने वाला पाला, जमावबिंदु से नीचे जाने वाला तापमान और गर्मियों में नमी की कमी इसकी खेती के लिए बड़ी चुनौती बन रही है। डा. वाईएस परमार विश्वविद्यालय नौणी ने एवोकाडो के लिए एडहाक पैकेज आफ प्रैक्टिसेज जारी किया है, जिसमें उपोष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में व्यावसायिक खेती की संभावनाएं बताई गई हैं। धौलाकुआं स्थित क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में भी एवोकाडो पर काम हुआ, पर सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए। नेरी के बागवानी एवं वानिकी महाविद्यालय ने 2023 में किसानों को फील्ड ट्रायल के लिए 700 से अधिक पौधे वितरित किए थे, लेकिन वहां भी सकारात्मक नतीजे नहीं मिले।
रिकार्ड के अनुसार 2023 से 2026 तक एवोकाडो सहित कई उच्च मूल्य वाले फलों को बढ़ावा देने के लिए 32 लाख रुपये का प्रोजेक्ट चल रहा है। इसके अतिरिक्त 2025-26 में मध्य और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में एवोकाडो के प्रदर्शन परीक्षण के लिए पांच लाख रुपये का अलग प्रोजेक्ट स्वीकृत है।
अब सरकार का जोर ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट की खेती पर है। ब्लूबेरी के लिए मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अनुकूल परिस्थितियां मौजूद हैं। पालमपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय में ज्वेल, मिस्ट्री, शार्पब्लू और गल्फकोस्ट जैसी किस्मों ने अच्छे परिणाम दिए हैं और कुछ किस्मों से प्रति पौधा दो से चार किलोग्राम तक उत्पादन दर्ज किया गया है। कुल्लू स्थित बागवानी अनुसंधान केंद्र में भी ब्लूबेरी की किस्मों का मूल्यांकन चल रहा है। ड्रैगन फ्रूट के लिए निचले और मध्य पहाड़ी क्षेत्र अधिक संभावनाशील बताए गए हैं, जहां जल निकासी, सिंचाई और सहारे की उचित व्यवस्था जरूरी होगी। एचपी शिवा परियोजना के तहत भी एवोकाडो, ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट जैसे विदेशी फलों के लिए नए किसान क्लस्टर बनाने की व्यवस्था की गई है।
