हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील योजना के तहत भोजन तैयार करने वाले कुक-कम-हेल्परों को स्कूल शिक्षा निदेशालय ने राहत दी है। निदेशालय ने उनके मानदेय भुगतान की पुरानी व्यवस्था फिर से बहाल कर दी है। ताजा फैसले के अनुसार, अब इन कर्मचारियों को 55 हजार रुपये का सालाना मानदेय 12 महीनों के बजाय पहले की तरह 10 शैक्षणिक महीनों में दिया जाएगा। इससे प्रत्येक कुक-कम-हेल्पर को प्रति माह 5,500 रुपये मानदेय मिलेंगे।
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 27 नवंबर को प्रदेश के सभी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों (बीईईओ) को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 24 सितंबर 2026 को जारी उन पुराने निर्देशों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है, जिनमें सालाना स्वीकृत 55 हजार रुपये की राशि को 10 के स्थान पर 12 समान मासिक किस्तों में बांटकर देने का प्रावधान किया गया था। 12 किस्तों में भुगतान होने के कारण कर्मियों को हर महीने कम राशि मिल रही थी, जिसे लेकर कर्मचारियों में रोष था।
शिक्षा निदेशालय ने अपने ताजा आदेश में स्पष्ट किया है कि कुक-कम-हेल्परों की ओर से लगातार प्राप्त हो रही मांगों को ध्यान में रखते हुए पूर्व की भुगतान व्यवस्था को फिर से लागू किया जा रहा है। अब उन्हें 55 हजार रुपये का वार्षिक मानदेय 10 शैक्षणिक महीनों के दौरान ही जारी किया जाएगा।
नई व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए निदेशालय ने सभी ब्लाक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को नए निर्देशों के अनुरूप ही मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा है। आदेशों का सख्ती से पालन करवाने के लिए पत्र की प्रतिलिपि सभी जिला उपनिदेशकों (प्रारंभिक शिक्षा) को भी भेजी गई है, ताकि किसी भी स्तर पर भुगतान में देरी या लापरवाही न हो।
