हिमाचल प्रदेश पुलिस की महिला बिगुल टीम ने हैदराबाद में आयोजित 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। यह हिमाचल पुलिस की पहली महिला बिगुलर टीम है, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की है।
टीम की कमांडर एलएचसी श्वेता रहीं। उनके साथ एलएचसी नीशू, एलएचसी शिवानी, एलसी शबनम, एलसी शिवानी और एलसी प्रियंका ने प्रतियोगिता में प्रदर्शन किया। इन छह महिला पुलिसकर्मियों की मेहनत और तालमेल से हिमाचल पुलिस को राष्ट्रीय मंच पर यह सफलता मिली।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताते हुए सभी विजेताओं को बधाई दी है। पुलिस के अनुसार, इन महिला कर्मियों की लगन, अनुशासन, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प ने यह मुकाम हासिल करने में अहम भूमिका निभाई।
इस बार प्रतियोगिता में महिला बिगुलर श्रेणी की शुरुआत हुई थी। देशभर की 21 पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की टुकड़ियों के 1400 से अधिक कलाकारों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिनमें 343 महिला प्रतिभागी शामिल थीं। महिला बिगुल काल श्रेणी में हिमाचल पुलिस ने पहला स्थान हासिल किया।
