हिमाचल प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 का अवकाश कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें कुल 24 राजपत्रित अवकाश घोषित किए गए हैं। कैलेंडर के अनुसार तीन त्योहार रविवार को पड़ रहे हैं, जिससे सामान्य कर्मचारियों को इनका अलग से लाभ नहीं मिलेगा। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त और गुरु नानक जयंती 14 नवंबर को रविवार है। इसके अलावा महिला कर्मचारियों के लिए घोषित भाई दूज का विशेष अवकाश भी 31 अक्टूबर को रविवार को पड़ रहा है।

जनवरी में कर्मचारियों को तीन दिन की छुट्टियों का पैकेज मिलेगा। रविवार के बाद 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश पूर्ण राज्यत्व दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का अवकाश रहेगा, जिससे लगातार तीन दिन छुट्टी मिलेगी। वर्ष में चार प्रमुख अवकाश शुक्रवार को पड़ रहे हैं — 26 मार्च को गुड फ्राइडे, 18 जून को संत गुरु कबीर जयंती, 15 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती और 29 अक्टूबर को दीपावली। इन अवसरों पर शनिवार और रविवार जुड़ने से कर्मचारी लगातार तीन दिन की छुट्टी का पैकेज बना सकते हैं। वहीं, 17 मई को सोमवार को ईद-उल-जुहा का अवकाश होने से शनिवार और रविवार के साथ तीन दिन का अवकाश मिलेगा।

छह राजपत्रित छुट्टियां शनिवार को पड़ रही हैं, जिनमें गुरु रविदास जयंती, महाशिवरात्रि, भगवान परशुराम जयंती, महात्मा गांधी जयंती, दशहरा और क्रिसमस शामिल हैं। इन अवसरों पर रविवार के साथ दो दिन का सप्ताहांत रहेगा।

सरकार ने महिला कर्मचारियों के लिए करवाचौथ और भाई दूज पर विशेष अवकाश घोषित किए हैं। करवाचौथ 18 अक्टूबर को सोमवार को है। ये छुट्टियां सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों और शिक्षण संस्थानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के साथ दैनिक वेतनभोगी महिलाओं को भी मिलेंगी। इसके अतिरिक्त सभी कर्मचारी प्रतिबंधित अवकाशों में से अपनी पसंद के दो अवकाश ले सकेंगे। उपायुक्तों को स्थानीय मेलों और त्योहारों के लिए दो स्थानीय छुट्टियां घोषित करने का अधिकार भी दिया गया है।