हिमाचल प्रदेश में नवंबर के अंत में शुष्क ठंड तेज हो गई है। मंगलवार रात इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। कुकुमसेरी में पारा माइनस 3.7 और केलंग में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहने से लाहुल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में झीलों, झरनों और नालों का पानी जमने लगा है।

मौसम में बदलाव की खास बात यह रही कि निचले और मैदानी इलाकों की रातें राजधानी शिमला और पर्यटन स्थल कुफरी से भी ज्यादा ठंडी रहीं। शिमला में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री और कुफरी में 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मंडी में पारा 4.9 डिग्री दर्ज हुआ। इस तरह मंडी की रात शिमला से 5.3 डिग्री और कुफरी से 5.2 डिग्री ज्यादा ठंडी रही। बिलासपुर (7.0 डिग्री) में शिमला के मुकाबले 3.2 डिग्री, कांगड़ा (7.5 डिग्री) में 2.7 डिग्री और ऊना (7.9 डिग्री) में 2.3 डिग्री कम तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों में 0.2 डिग्री की गिरावट आई है और यह सामान्य से भी 0.2 डिग्री नीचे चल रहा है। प्रदेश के नौ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया है।

नदी किनारे बसे मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिले के कुछ क्षेत्रों में 29 नवंबर तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार सुबह बिलासपुर में दृश्यता घटकर मात्र 100 मीटर और मंडी में 400 मीटर रह गई। सुंदरनगर में भी कोहरे का असर देखा गया। विभाग ने 29 नवंबर तक बिलासपुर में भाखड़ा बांध जलाशय के आसपास, हमीरपुर के सुजानपुर टीहरा व समीपवर्ती क्षेत्रों तथा मंडी की बल्ह घाटी में घने कोहरे की चेतावनी देते हुए सुबह और देर शाम वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

बुधवार को शिमला और मनाली सहित कई स्थानों पर खिली धूप ने दिन के समय लोगों को ठंड से आंशिक राहत दी। विभाग का पूर्वानुमान है कि पहली दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। इस दौरान बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।