इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षाएं 25 नवंबर से 14 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। हिसार के सीआरएम जाट कॉलेज में स्थापित परीक्षा केंद्र पर कुल 9,408 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुरेंद्र कुमार बाजिया ने बताया कि परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और सुरक्षा सहित आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

परीक्षा केंद्र अधीक्षक डॉ. राजपाल सिंह ने बताया कि केंद्र पर कुल 9,408 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें 3,912 प्रातःकालीन सत्र तथा 5,496 सायंकालीन सत्र के परीक्षार्थी हैं। परीक्षाएं प्रतिदिन दो सत्रों में प्रातः 10 से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 2 से सायं 5 बजे तक आयोजित की जाएंगी।