हिसार में करीब छह दशक से अतिक्रमण और उपेक्षा के कारण गुम हो चुके एक पुराने रास्ते को साउथ बाइपास से जोड़ने की उम्मीद जगी है। सरकार की विशेष समिति ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाया है। लघु सचिवालय स्थित वीसी सभागार में लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस परियोजना पर विस्तार से मंथन किया गया और अधिकांश सदस्यों ने प्रस्ताव पर सहमति जताई। अब मार्ग को जनता के लिए तैयार करने की दिशा में आगामी औपचारिकताएं शुरू करने की तैयारी है।
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़कों को जाम मुक्त करने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा गठित विशेष समिति की छठी बैठक में पुराने मार्ग को पुनर्जीवित करने का विषय प्रमुखता से उठा। यह रास्ता हिसार रेलवे स्टेशन से भामाशाह नगर और ब्राह्म महाविद्यालय के सामने से होते हुए शहर की सीमा तक जाता है। रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार से शहर की सीमा तक रेलवे लाइन के समानांतर दर्ज इस सार्वजनिक मार्ग की औसत चौड़ाई करीब 24 फीट बताई गई है। राजस्व रिकॉर्ड में इसकी मौजूदगी दर्ज है।
बताया गया है कि उद्योगपति दिनेश सिंगल के पत्राचार के बाद इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था और वर्षों से अतिक्रमण की जद में गुम इस मार्ग को फिर से खोलने की जरूरत सामने रखी गई थी। अब सरकारी स्तर पर प्रस्ताव पर सहमति बनने से रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने और विकसित करने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
इस मार्ग के खुलने से पुराने शहर को साउथ बाइपास तक पहुंचने के लिए एक वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा। इससे शहर के भीतर वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित करने, प्रमुख मार्गों पर दबाव कम करने और दक्षिणी हिस्से की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। परियोजना पर सकारात्मक सहमति के बाद संबंधित विभागों की ओर से आगामी कागजी औपचारिकताएं पूरी करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
