हिसुआ नगर में लगने वाले भीषण जाम को लेकर प्रकाशित खबर के बाद नगर प्रशासन ने गुरुवार को स्थानीय पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान ईओ आतिश रंजन, बीडीओ देवानंद कुमार सिंह और थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह मौजूद रहे। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर में लगने वाले जाम की समस्या से निदान था। कार्रवाई से पहले नगर परिषद कई दिनों से माइकिंग के जरिए फुटपाथी दुकानदारों को निर्धारित स्थल पर दुकान लगाने के लिए कह रही थी।

ईओ आतिश रंजन ने बताया कि नए बस स्टैंड के निर्माण और उद्घाटन के बावजूद वहां से बसों का परिचालन शुरू न होना निराशाजनक है। इसके कारण विश्वशांति चौक पर बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालक पूरे दिन कब्जा जमाए रहते हैं। उन्होंने लंबी दूरी की बसों के संचालकों को शुक्रवार से अपने वाहनों का परिचालन नए बस स्टैंड से करने और पुराने बस स्टैंड को लोकल सवारी वाहनों, ई-रिक्शा और ऑटो के लिए सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। कई बस संचालकों ने अपनी समस्याएं भी बताईं। ईओ ने आदेशों की अवहेलना पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

गुरुवार को हिसुआ बाजार का नजारा बदला हुआ दिखा। आम दिनों की तरह सड़क किनारे कब्जा जमाए फुटपाथी दुकानदारों ने अपनी दुकानें बेरीकेडिंग के अंदर रखीं। वहीं, पुराने बस स्टैंड में पूरे दिन कब्जा जमाए रहने वाली लंबी दूरी की एक भी बस कार्रवाई अवधि में नहीं दिखी।

नगर परिषद की कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सड़क जाम से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। अन्य दिनों की तरह लगने वाला भीषण जाम गुरुवार को नहीं लगा। कुछ लोगों ने पुराने बस स्टैंड में लगातार कुछ दिनों तक इस तरह की कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि आदेश का किस हद तक अनुपालन होता है।