हरियाणा के पलवल जिले के होडल शहर में अनाज मंडी और पुरानी जीटी रोड स्थित सब्जी मंडी के आसपास क्षतिग्रस्त सीवर मैनहोल और ऊंचे-नीचे ढक्कन वाहन चालकों और राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। अनाज मंडी में पिछले करीब दो महीने से जगह-जगह मैनहोल टूटे पड़े हैं और उनके ढक्कन आड़े-तिरछे हैं। कहीं ढक्कन सड़क से काफी ऊपर हैं तो कहीं नीचे धंस चुके हैं, जिससे वाहनों के गड्ढों में फंसने और दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना रहता है।

स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि वे लगातार अधिकारियों को समस्या से अवगत करा रहे हैं, लेकिन मरम्मत नहीं हो रही है। राहगीरों जयप्रकाश, प्रवीण, सत्य प्रकाश, सोनू, कलुआ, बाबूराम, गणेशीलाल और नरेश कुमार के अनुसार पुरानी जीटी रोड से अनाज मंडी आने वाले मुख्य गेट के पास दो स्थानों पर मैनहोल काफी समय से क्षतिग्रस्त हैं और उनके ढक्कन नीचे धंस चुके हैं। रात में अंधेरे के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते। उन्होंने यह भी बताया कि क्षतिग्रस्त मैनहोल से तेज दुर्गंध उठती है और गड्ढों के आसपास सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग भी नहीं की गई है।

इस समय अनाज मंडी में धान और कपास की फसल का सीजन चल रहा है, जिसके चलते बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी वाहनों से फसल लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। रास्तों पर बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त मैनहोल उनकी परेशानी बढ़ा रहे हैं। रोजाना वाहनों के गड्ढों में फंसने की शिकायतें सामने आ रही हैं। राहगीर गौरव और ईश्वर ने बताया कि मुख्य गेट वाले रास्ते पर आड़े-तिरछे ढक्कन से निकलने में परेशानी होती है और सड़क पर काफी ऊंचा रखा ढक्कन राहगीरों से टकराता रहता है।

जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता राहुल कुमार ने बताया कि अनाज मंडी की सीवरेज एवं सफाई व्यवस्था मार्केटिंग बोर्ड की है, जबकि अन्य जगहों के क्षतिग्रस्त मैनहोल और ढक्कनों को जल्दी ठीक करा दिया जाएगा। लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग मैनहोल और ढक्कनों की मरम्मत कराए तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम करे।