मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोसने के आरोप में होमगार्ड जवान सतीश कुमार को पटना ट्रैफिक पुलिस ने लाइन हाजिर कर दिया है। जवान की तैनाती शादी समारोह स्थल के पास सड़क पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए की गई थी, लेकिन वह निर्धारित ड्यूटी के बजाय समारोह में खाना परोसते नजर आया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में मामला चर्चा में आ गया।

ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने जवान को तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय बुलाने का आदेश जारी किया है। जवान की पहचान गृहरक्षक सतीश कुमार के रूप में हुई है। अधिकारी ने मामले में कार्रवाई करते हुए जवान से पूरे प्रकरण पर स्पष्टीकरण मांगा है।

ट्रैफिक एसपी ने प्रसारित वीडियो की सत्यता की जांच कराने का भी निर्देश दिया है। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर जवान के विरुद्ध आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।