हैदराबाद में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेताओं ने गुरुवार को बावर्ची रेस्तरां में बिरयानी खाकर प्रतीकात्मक विरोध किया। इस दौरान वे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की तस्वीर लेकर पहुंचे थे। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (केटीआर) ने आरोप लगाया कि तेलंगाना में दो लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा करीब तीन साल बाद भी पूरा नहीं हुआ है। इसी मुद्दे पर पार्टी ने यह विरोध किया।
बीआरएस नेता मन्ने कृष्णंक, पुट्टा विष्णुवर्धन रेड्डी और मुथा जय सिम्हा समेत अन्य नेताओं के साथ रेस्तरां पहुंचे थे। जब कांग्रेस कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे, तो विरोध-प्रदर्शन टकराव में बदल गया। दोनों गुटों के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान एक-दूसरे पर प्लेटें भी फेंकी गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और टकराव को और बढ़ने से रोका।
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अनिल कुमार यादव ने विरोध का यह तरीका चुनने के लिए बीआरएस नेताओं की आलोचना की।
यह ताजा टकराव 19 नवंबर को हैदराबाद के एलबी नगर निर्वाचन क्षेत्र में पेंशन वितरण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और बीआरएस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के एक हफ्ते बाद हुआ है। उस विवाद में बीआरएस विधायक डी सुधीर रेड्डी ने मंच पर कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी पर आपत्ति जताई थी और आरोप लगाया था कि लगभग 200 बीआरएस कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल के बाहर करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। यह विवाद नारेबाजी और हाथापाई में बदल गया था, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया था।
