रेटिंग एजेंसी इक्रा ने मंगलवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) में भारत की विकास दर 7.5 प्रतिशत रह सकती है। यह पांच तिमाहियों में सबसे निचला स्तर होगा। पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2026) में विकास दर 7.8 प्रतिशत और पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2025) में 8.2 प्रतिशत रही थी। इक्रा के अनुसार, दूसरी तिमाही में वृद्धि दर में मामूली नरमी आएगी, जो कृषि, उद्योग और सेवा सेक्टर की वजह से होगी।

एजेंसी के अनुसार, दूसरी तिमाही में कृषि क्षेत्र की वृद्धि दर 0.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो पहली तिमाही में 3.6 प्रतिशत थी। औद्योगिक क्षेत्र की वृद्धि 7.7 प्रतिशत से घटकर 7.2 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र की वृद्धि 10 प्रतिशत से घटकर 9.1 प्रतिशत रह सकती है। इक्रा का यह 7.5 प्रतिशत का अनुमान मौद्रिक नीति समिति के 7.2 प्रतिशत से अधिक है।

इक्रा की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने कहा कि औद्योगिक और सेवा क्षेत्रों के हाई फ्रीक्वेंसी वाले आंकड़े सितंबर 2026 में समाप्त तिमाही में स्वस्थ वृद्धि का संकेत देते हैं, जबकि बाहरी चुनौतियां बनी हुई हैं। कमजोर मानसून और अल नीनो का प्रभाव कृषि क्षेत्र पर स्पष्ट दिख रहा है। खरीफ फसलों की बुवाई में कमी के साथ पैदावार पर भी असर देखने को मिला है।

सरकार 30 नवंबर को जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि के आंकड़े जारी करेगी। पिछले महीने RBI ने दूसरी तिमाही में 7.2% वृद्धि का अनुमान जताया था, जबकि वित्त मंत्रालय की मासिक आर्थिक समीक्षा में यह अनुमान 7.35% था।