एमएस धोनी ने आईपीएल से संन्यास की घोषणा कर दी है। संन्यास के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दौर से अब तक के सफर को याद किया है। धोनी ने इस पोस्ट के साथ 'मैं पल दो पल का शायर हूं' गाने का वीडियो भी शेयर किया है। उन्होंने फैंस से माफी भी मांगी है।

धोनी ने आईपीएल 2027 की रिटेंशन लिस्ट सामने आने से पहले संन्यास का एलान किया। पिछला सीजन वे चोट की वजह से नहीं खेल सके थे। इसके बाद उन्होंने फैसला किया कि वे आगामी सीजन में नहीं खेल पाएंगे और अपना फैसला फ्रेंचाइजी को बता दिया।

धोनी ने आईपीएल 2022 में फैंस से वादा किया था कि वे आईपीएल में अपना आखिरी मैच चेन्नई में खेलना चाहते हैं। हालांकि, वे आखिरी बार आईपीएल 2025 में अहमदाबाद में खेलते हुए दिखे। इस तरह वे फैंस से किए गए अपने वादे को पूरा नहीं कर सके और चेन्नई के मैदान पर आखिरी मैच खेलने का उनका सपना भी अधूरा रह गया। इसी वजह से उन्होंने पोस्ट शेयर कर फैंस से माफी मांगी है।

अपने पोस्ट में धोनी ने लिखा, "फैंस ने मुझे गलत साबित कर दिया। इसे स्वीकार करने में इससे बेहतर कोई भी गाना नहीं हो सकता है। शायद इसके दो वर्जन इस वजह से बनाए गए थे ताकि मैं गलती कर सकूं और फिर स्वीकार कर सकूं।" बता दें कि धोनी ने साल 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था। उस वक्त भी उन्हें लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन उन्होंने चुपचाप रिटायरमेंट का एलान कर दिया था।