आईआईटी कानपुर और रोल्स-रायस ने विमान के इंजन से पैदा होने वाले शोर को कम करने के लिए संयुक्त शोध परियोजना शुरू की है। इसका मकसद उड़ान के दौरान यात्रियों को ज्यादा आरामदायक हवाई यात्रा उपलब्ध कराना है। यह शोध छह महीने तक चलेगा।
परियोजना के तहत विमान के ढांचे का एक मॉडल तैयार किया जाएगा, जो उड़ान के दौरान विमान की स्थिति को दर्शाएगा। इसमें कंपन पैदा करने वाली मशीन के साथ आवाज और कंपन मापने वाले सेंसर लगाए जाएंगे। शोध में गणितीय पद्धति के साथ प्रयोगों के जरिए भी अध्ययन होगा। आईआईटी में तैयार विशेष परीक्षण व्यवस्था से दोनों टीमें भरोसेमंद नतीजे हासिल करने का प्रयास करेंगी, जिससे कंपन के फैलाव और शोर कम करने के उपायों पर आगे के शोध में मदद मिलेगी। परियोजना का पहला चरण शुरू हो चुका है।
टेक्नोपार्क ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर, आईआईटी निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल, रोल्स-रायस पीएलसी के एसोसिएट फेलो (रोटर डायनेमिक्स) डॉ. एंडी रिक्स और रोल्स-रायस के प्रोग्राम मैनेजर राघवेंद्र सरूर ने परियोजना का शुभारंभ किया। इस दौरान दोनों टीमों के बीच खरीद आदेश का हस्तांतरण और परीक्षण व्यवस्था का उद्घाटन भी किया गया।
आईआईटी के आईओटीए (इंटरफेस ऑफिस फॉर टेक्नोलॉजी एप्लीकेशंस) कार्यालय के प्रयासों से वर्ष 2026 की शुरुआत में दोनों संस्थानों के बीच एमओयू हुआ था, जिसमें शोध, संयुक्त परियोजनाओं, इंटर्नशिप, जानकारी के आदान-प्रदान और कौशल विकास के क्षेत्रों में सहयोग पर सहमति बनी। यह भारत में रोल्स-रायस और किसी शैक्षणिक संस्थान के बीच पहली साझेदारी है। रोल्स-रायस इंडिया के कार्यकारी उपाध्यक्ष शशि मुकुंदन ने कहा कि इस तरह के सहयोग नवाचार के लिए मजबूत व्यवस्था तैयार करने और उन्नत इंजीनियरिंग, शोध तथा विनिर्माण के क्षेत्र में भारत की महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। आईआईटी निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा कि इस सहयोग से संस्थान की शोध क्षमताओं को उद्योग की जरूरतों से जोड़ने और नई तकनीकों को व्यावहारिक रूप देने के अवसर मिलेंगे।
