कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के इस आरोप के बाद कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज को उनके धर्म की वजह से प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया, पार्टी के भीतर ही उनका बयान अलग-थलग पड़ता दिख रहा है। कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने खुद को इस बयान से अलग कर लिया है। उनका कहना है कि टीम इंडिया का चयन हमेशा खिलाड़ियों के फॉर्म और काबिलियत के आधार पर होता है, धर्म के आधार पर नहीं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट जैसे खेल में धार्मिक बंटवारे के लिए कोई जगह नहीं है और टीम इंडिया की बात करते ही सबसे अहम बात भारत होती है। पटेल ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी क्रिकेट को राज्यों, धर्म, संस्कृति या जाति के नाम पर बंटते नहीं देखा।
इस बीच एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मोहम्मद सिराज की जमकर तारीफ की है। ओवैसी ने कहा कि सिराज हैदराबाद के एक गरीब परिवार से आते हैं और ऑटो-रिक्शा चालक के बेटे हैं। उन्होंने कहा कि सिराज ने कड़ी मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर भारतीय टीम के लिए कई टेस्ट मैच खेले और 144 टेस्ट विकेट लिए। ओवैसी के मुताबिक, सिराज की सबसे बड़ी ताकत उनकी इच्छाशक्ति है और उन्हें दबाना या किनारे करना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज में सिराज ने सभी मैच खेले और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। ओवैसी ने भरोसा जताया कि सिराज वापसी करेंगे और लंबे समय तक टीम के लिए खेलते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद सिराज को टीम में जगह नहीं मिली और यह साफ तौर पर भेदभाव है। उन्होंने अपनी बात के समर्थन में मोहम्मद शमी और सरफराज खान का भी जिक्र किया था और कहा था कि चयन का आधार सिर्फ प्रदर्शन होना चाहिए।
