कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मोहम्मद सिराज को टीम इंडिया में जगह न मिलने का मामला उठाने के बाद अब मोहम्मद शमी और सरफराज खान का जिक्र करते हुए टीम चयन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। मसूद ने कहा कि खिलाड़ियों का चयन सिर्फ मेरिट और परफॉर्मेंस के आधार पर होना चाहिए, चाहे वे कोई भी हों। उन्होंने कहा, "मोहम्मद शमी भी हैं, सरफराज भी हैं, बहुत सारे नाम हैं। परफॉर्मेंस के हिसाब से होना चाहिए। परफॉर्मेंस अच्छी है तो यह नहीं देखा जाना चाहिए कि कौन कहां से है।"
दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी। इस पर सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि सिराज को उनके धर्म और नाम की वजह से टीम में नहीं चुना गया। उनके इस बयान के बाद क्रिकेट और राजनीति दोनों में विवाद खड़ा हो गया है और भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस के भीतर भी उनके खिलाफ सवाल उठने लगे हैं।
कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने मसूद के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्रिकेट में नफरत या धार्मिक बंटवारे के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया की सबसे खास बात इंडिया है और क्रिकेट को कभी राज्यों या धर्म और कल्चर के नाम पर बंटते नहीं देखा गया। पटेल ने कहा कि देश में नफरत और बंटवारे का माहौल नहीं बनाया जाना चाहिए।
भाजपा ने भी मसूद के बयान पर पलटवार करते हुए उन पर क्रिकेट में सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मसूद के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि देश में किसी को धर्म या जाति के आधार पर अवसरों से वंचित नहीं किया जाता और खेल में चयन योग्यता के आधार पर होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों से समाज में विभाजन पैदा नहीं किया जाना चाहिए।
