छत्तीसगढ़ में बर्बरिक कंस्ट्रक्शन और पीआरए समूह के 50 ठिकानों पर आयकर विभाग की तीन दिन चली छापेमारी शुक्रवार देर रात खत्म हुई। यह कार्रवाई रायपुर समेत राज्य के पांच जिलों में बुधवार सुबह शुरू हुई थी। जांच का दायरा अब बड़े निवेश और ठेकों तक पहुंच गया है। विभाग बर्बरिक समूह की प्रस्तावित आइपीओ योजना के दस्तावेजों की पड़ताल कर रहा है, वहीं पीआरए समूह को मिले करीब 450 करोड़ रुपये के रायपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास ठेके से जुड़े वित्तीय लेनदेन की भी जांच हो रही है।
जांच में करीब 225 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी के प्रारंभिक संकेत मिले हैं। इस दौरान लगभग 14 करोड़ रुपये नकद और करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण मिलने की जानकारी सामने आ रही है। मुंबई और अहमदाबाद से आए विशेषज्ञों ने आभूषणों का मूल्यांकन किया है। बताया जा रहा है कि आभूषणों की कीमत और बढ़ सकती है।
बिलासपुर में गौरव अग्रवाल के ठिकानों से 1,000 करोड़ रुपये के बोगस बिल मिलने की चर्चा है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। छापेमारी के दौरान बिलासपुर की महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील, हनुमान हार्डवेयर और मोहदा स्थित फैक्ट्री के दस्तावेज खंगाले गए। रायगढ़ में सन स्टील और रायगढ़ इस्पात से महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
विभाग इन संस्थानों के कारोबारी लेन-देन और निवेश का आपस में मिलान कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त दस्तावेजों और मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
