एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में शुक्रवार को भारत-ए ने नेपाल को 306 रनों से हरा दिया। वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर नेपाल ने भारत-ए को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। भारत-ए ने निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 332 रन बनाए और नेपाल के सामने 333 रन का लक्ष्य रखा।

कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने शतकीय पारियां खेलीं। चौथे विकेट के लिए दोनों ने 206 रन की साझेदारी की। कुशाग्र ने 102 गेंदों में 117 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। तिलक ने 113 गेंदों में 107 रन बनाए, जिसमें छह चौके और चार छक्के रहे। अंत में सूर्यांश शेडगे ने 14 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाकर स्कोर को मजबूत आधार दिया। नेपाल की ओर से ललित राजबंशी और कप्तान संदीप लामिछाने ने तीन-तीन विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की पारी पहले ही ओवर से लड़खड़ा गई। प्रिंस यादव और हर्षित राणा की दमदार गेंदबाजी के सामने नेपाल की पूरी टीम सिर्फ 26 रन पर ढेर हो गई। इस जीत के साथ भारत-ए ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत से की है।