भारत ने बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी संबंध बनाए रखने की अपनी इच्छा दोहराई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पड़ोसी देश के साथ संबंधों को लेकर भारत का रुख नहीं बदला है। उन्होंने बांग्लादेश के आंतरिक राजनीतिक घटनाक्रम पर टिप्पणी करने से इनकार किया।

जायसवाल से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की उस टिप्पणी के बारे में पूछा गया था, जिसमें उन्होंने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग पर निशाना साधा था। रहमान ने गुरुवार को भारत का नाम लिए बिना सीमा पार पनाह लिए लोगों पर साजिश रचने का आरोप लगाया था।

प्रवक्ता ने कहा कि भारत का रुख लगातार यही रहा है कि वह बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी संबंध चाहता है। ये संबंध दोनों देशों के साझा इतिहास और लोगों के साझा सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश के आंतरिक घटनाक्रम पर उन्हें कोई टिप्पणी नहीं करनी है।

ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों की निंदा की और कहा कि नाविकों की सुरक्षा भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय नौसेना के पूर्व कमांडर पूर्णैदु तिवारी की सेहत को लेकर कतर के अधिकारियों के संपर्क में हैं। तिवारी कतर की हिरासत में हैं और उन पूर्व सैनिकों में शामिल हैं, जिन्हें अगस्त 2022 में कतर में एक प्राइवेट फर्म के लिए काम करते समय जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।