इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने शनिवार को संसद के विशेष सत्र से पहले बैठक की। इस बैठक में शामिल दलों ने परिसीमन बिल के ख़िलाफ़ संसद में मिलकर विरोध करने का फ़ैसला किया है। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस इस क़दम के ज़रिए हमेशा सत्ता में बने रहना चाहते हैं। केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से बुलाया है। लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से और राज्यसभा की 2 दिसंबर से शुरू होगी।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर हुई इस बैठक में खड़गे, राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल, राजद के अभय कुमार सिंह और मनोज झा, सीपीआई के पी. संतोष कुमार, आईयूएमएल के ईटी मोहम्मद बशीर और आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन समेत कई नेता शामिल हुए। जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे। डीएमके, आप और बीजेडी को भी बुलाया गया था, लेकिन इन्होंने हिस्सा नहीं लिया।
इंडिया ब्लॉक ने सरकार के सामने तीन मांगें रखी हैं—लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखना, वर्तमान सीटों के आधार पर ही महिलाओं को आरक्षण देना और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन बनाए रखना। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर कहा कि बैठक में इन मांगों पर सहमति बनी। विपक्ष का कहना है कि वह महिला आरक्षण के विरोध में नहीं है, उसकी आपत्ति परिसीमन की प्रक्रिया और सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को लेकर है।
बैठक के बाद खड़गे ने मीडिया से कहा कि परिसीमन विधेयक एससी-एसटी के हितों के ख़िलाफ़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस विधेयक के ज़रिए हमेशा सत्ता में बने रहना चाहती है। बैठक से पहले कपिल सिब्बल ने कहा था कि विधेयक पारित होने पर लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़कर क़रीब 850 हो सकती है। उधर, डीएमके ने चेन्नई में सांसदों की बैठक के बाद केंद्र के संशोधित परिसीमन विधेयक को औपचारिक रूप से समर्थन देने की घोषणा की है।
