प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के कौशल दीक्षा समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि भारत 2027 में वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा, जिसमें देश-विदेश के कुशल युवा हिस्सा लेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। उन्होंने कहा कि पहले यहां के नौजवानों के सामने अवसरों की कमी थी, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और डबल इंजन की सरकार ने स्थिति बदल दी है। उन्होंने कहा कि आज यूपी के लोग गर्व से कहते हैं कि यह एक्सप्रेसवे वाला प्रदेश है, जहां पर्यटन फल-फूल रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन की नींद उड़ाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल भी उत्तर प्रदेश में बन रही है। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगाने की अपील की। पीएम मोदी ने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे खुद को कभी अकेला महसूस न करें, वे उनके साथ रहेंगे।
