भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज का दूसरा मैच 2-2 से ड्रॉ खेला। ऑकलैंड में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान टीम ने 25वें मिनट में डायलन थॉमस के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन 35वें मिनट में अंगद बीर सिंह ने स्कोर बराबर कर दिया।
इसके बाद 56वें मिनट में सैम हिहा के गोल से न्यूजीलैंड ने फिर बढ़त हासिल की। भारत ने एक बार फिर वापसी की और 57वें मिनट में कप्तान संजय ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलकर मैच 2-2 से ड्रॉ पर समाप्त कर दिया।
तीन मैचों की इस सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने 19 नवंबर को 3-2 से जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम रविवार को तीसरे और अंतिम मैच में जीत हासिल करके दौरे का समापन करने की कोशिश करेगी।
यह सीरीज भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है। इसकी शुरुआत 1926 में हुई थी, जब दिग्गज मेजर ध्यान चंद की अगुवाई वाली भारतीय सेना की हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था।
