भारत ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के फ्यूचर होस्ट कमीशन के साथ ऑनलाइन बैठक में 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अपना विजन और प्रस्तावित रोडमैप पेश किया। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अनुसार, प्रेजेंटेशन में प्रस्तावित मेजबान शहर अहमदाबाद की तैयारियों की जानकारी दी गई, जिसमें खेल बुनियादी ढांचे के साथ-साथ शहर, राज्य और केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग को भी शामिल किया गया।
कोलिंडा ग्राबर-कितारोविच की अगुआई वाले नौ सदस्यीय फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने हुए इस प्रेजेंटेशन की अवधि 30 मिनट रही, जिसके बाद करीब 20 मिनट तक संक्षिप्त चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार, प्रेजेंटेशन में प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के भारत के अनुभव, प्रस्तावित खेल स्थलों के विकास की योजनाओं और ओलंपिक आयोजन के लिए दीर्घकालिक विजन पर भी चर्चा की गई।
भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल सचिव हरिरंजन राव, आईओए की निवर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा, आईओसी में भारत की प्रतिनिधि नीता अंबानी, आईओए एथलीट आयोग की प्रमुख और बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने किया। इसके अलावा गुजरात के खेल मंत्री हर्ष सांघवी, आईओए के सीईओ रघुराम अय्यर और कुछ अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
2036 ओलंपिक की मेजबानी की दौड़ में जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये भी शामिल हैं। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, तुर्किये फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपना पहला प्रेजेंटेशन पहले ही दे चुका है। प्रेजेंटेशन के बाद आईओसी भारत की दावेदारी पर आम जनता की राय जानने के लिए एक गुमनाम सर्वे कराएगा, जो दिसंबर के तीसरे सप्ताह में होने की उम्मीद है। अगले साल मार्च में भारत की दावेदारी के मूल्यांकन में इस सर्वे की अहम भूमिका होगी, जिसके बाद रणनीतिक संवाद का चरण शुरू होगा। इस चरण में मेजबानी की इच्छुक देशों को फ्यूचर होस्ट प्रश्नावली और वित्तीय गारंटी से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर अपनी शुरुआती प्रतिक्रिया देनी होगी।
