नई दिल्ली। अमेरिका की ओर से भारत पर 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने के प्रस्ताव वाले नोटिस पर भारत सरकार ने जवाब दिया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि सरकार ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) की ओर से जारी नोटिस और उस पर मांगी गई टिप्पणी पर संज्ञान लिया है। मंत्रालय के अनुसार, यह नोटिस सेक्शन 301 इन्वेस्टिगेशन के तहत जारी किया गया है, जो भारत सहित 14 देशों के मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर में संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता और उत्पाद से जुड़े कानूनों, नीतियों और तौर-तरीकों से संबंधित है। सरकार ने कहा है कि फिलहाल इस नोटिस की जांच की जा रही है।

मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि इस पूरी जांच के दौरान भारत ने रचनात्मक रूप से सहयोग किया। जांच शुरू होने के नोटिस के जवाब और बाद की कार्यवाही में वाणिज्य विभाग ने स्पष्ट किया था कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक रूप से अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। मंत्रालय ने आगे कहा कि भारत सरकार 2 फरवरी 2026 की घोषणा और 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान के अनुरूप भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में अमेरिका के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने भारत समेत सात देशों पर 25% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। इन देशों में कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड भी शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका इन देशों की औद्योगिक उत्पादन क्षमता और व्यापार नीतियों की जांच के बाद यह कदम उठा रहा है।

अमेरिका का आरोप है कि ये देश बाजार की मांग से ज्यादा उत्पादन क्षमता बढ़ा रहे हैं। अमेरिकी प्रशासन का मानना है कि इससे वैश्विक बाजार में जरूरत से ज्यादा सामान पहुंच रहा है और अमेरिकी उद्योगों को नुकसान हो सकता है। हालांकि, अभी ये टैरिफ लागू नहीं हुए हैं। प्रस्ताव पर पहले आम लोगों और संबंधित पक्षों से राय ली जाएगी।