पाकिस्तानी मंत्री के भारत दौरे के बीच सिंधु जल समझौते पर भारत ने अपना रुख स्पष्ट किया है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि सिंधु जल समझौते पर भारत जिस स्थिति पर है, वही बनी हुई है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत आगमन और सिंधु जल संधि पर उनके पहले के राजनीतिक बयानों से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए यह बात कही। जयसवाल ने कहा कि सिंधु जल समझौते को लेकर भारत ने अपनी स्थिति पहले ही बहुत स्पष्ट कर दी है।
गौरतलब है कि मलिक ऑपरेशन सिंदूर के बाद सिंधु जल समझौता रद्द करने पर धमकी दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि हमारा पानी रोकने वाले का हाथ काट देंगे। मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां वे एससीओ सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
यह सम्मेलन 20 से 22 नवंबर तक चल रहा है। बता दें कि मलिक ही वह मंत्री हैं जिन्होंने सिंधु जल समझौते को लेकर पहले राजनीतिक बयान दिए थे।
