ट्रेन में सफर के दौरान अगर आप मोबाइल पर जोर-जोर से बात करते हैं या स्पीकर पर गाने और वीडियो चलाते हैं, तो यह आपके लिए महंगा पड़ सकता है। भारतीय रेलवे ने इस आदत के खिलाफ चेतावनी जारी की है। रेलवे के मुताबिक, ऐसा करने वाले यात्रियों पर 1,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है और छह महीने तक की जेल की सजा भी हो सकती है। ईस्टर्न रेलवे ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी स्टेशनों के लिए इस संबंध में दिशानिर्देश जारी किए हैं।
रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि वे फोन पर लंबी या तेज आवाज में बातचीत न करें, स्पीकर मोड पर गाने या वीडियो न चलाएं और रिंगटोन का वॉल्यूम भी ज्यादा न रखें। रेलवे के अनुसार, ऐसी हरकतों से दूसरे यात्रियों को परेशानी होती है, खासकर एसी कोच में सफर करने वालों को, क्योंकि बंद कंपार्टमेंट में आवाज गूंजती है और लोगों को सोने में दिक्कत होती है।
ईस्टर्न रेलवे के मुताबिक, ऐसी परेशानी पैदा करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम, 1989 (संशोधित) की धारा 145 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इस प्रावधान के तहत 1,000 रुपये तक का जुर्माना और छह महीने तक की जेल हो सकती है। रेलवे ने बताया कि टीटीई या उससे ऊपर के रैंक के स्टाफ ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं।
जागरूकता फैलाने के लिए रेलवे स्टेशनों पर और जहां तक संभव हो ट्रेनों के अंदर भी क्षेत्रीय भाषाओं, हिंदी और अंग्रेजी में नियमित घोषणाएं की जाएंगी। यात्रियों को सलाह दी जाएगी कि वे संगीत सुनते या वीडियो देखते समय ईयरफोन का इस्तेमाल करें और फोन को साइलेंट या वाइब्रेशन मोड पर रखें या वॉल्यूम कम रखें। स्टेशनों पर प्रमुख जगहों और कोचों के अंदर जागरूकता बढ़ाने वाले नोटिस और स्टिकर भी लगाए जाएंगे।
