भारतीय महिला हॉकी टीम शुक्रवार को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में मलेशिया के खिलाफ उतरेगी। टीम का लक्ष्य इस मुकाबले को जीतकर फाइनल में पहुंचना और लगातार तीसरी बार खिताब जीतकर हैट्रिक बनाना है। दूसरे सेमीफाइनल में जापान का सामना ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन से होगा।
भारत ने लीग चरण के अपने पांचों मैच जीते हैं और कुल मिलाकर लगातार 14 मैचों से अजेय है। इस प्रदर्शन के दम पर टीम विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंची है, जिसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया जा रहा है। सेमीफाइनल में भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा है। राउंड-रॉबिन चरण में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया था, हालांकि उस मैच में शुरुआत में भारत पिछड़ गया था।
लीग चरण में भारत ने थाइलैंड को 7-0 और जापान को 4-0 से हराया। सबसे कठिन चुनौती माने जा रहे दक्षिण कोरिया के खिलाफ टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की, जबकि चीन को 6-2 से हराया।
भारत की आक्रामक पंक्ति में दीपिका सहरावत, लालरेम्सियामी और नेहा की अहम भूमिका रही है। इनके साथ कप्तान सलीमा टेटे, मुमताज खान और पहली बार खेल रहीं पूजा साहू ने भी शानदार प्रदर्शन किया है।
