टोक्यो के शिबुया इलाके में भारतीय यूट्यूबर धैर्य शाह ने अपने साथ नस्लीय भेदभाव और बदसलूकी का आरोप लगाया है। 'फाफडाभाई' नाम से वीडियो बनाने वाले धैर्य ने खुद सोशल मीडिया पर इस घटना की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, लाइव स्ट्रीम के दौरान कुछ जापानी युवकों ने नस्लीय टिप्पणियां कीं और बाद में एक युवक ने उनके कैमरा स्टैंड पर थूक दिया।
धैर्य ने बताया कि वह शिबुया की सड़कों पर लाइव स्ट्रीम कर रहे थे और लोगों से अंग्रेजी में बातचीत करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान कुछ जापानी लड़के आए और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने लगे। स्ट्रीम बैन होने या देश से निकाले जाने की आशंका के चलते उन्होंने खुद को शांत रखा और स्थिति को सम्मानजनक तरीके से संभालने की कोशिश की।
उनका आरोप है कि शुरू में उन्हें लगा कि मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ देर बाद उनमें से एक युवक वापस आया और उनके ट्राइपॉड पर थूक दिया। धैर्य ने कहा कि शुरू में उन्हें पता ही नहीं चला कि क्या हुआ, बाद में उन्होंने देखा कि ट्राइपॉड पर थूका गया है।
धैर्य का कहना है कि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन उन्हें अपेक्षित मदद नहीं मिली। जापान पुलिस ने विदेशी की शिकायत पर जैसी प्रतिक्रिया अपेक्षित थी, वैसी नहीं दी। गौरतलब है कि कुछ महीनों के भीतर जापान में भारतीयों के साथ इस तरह की यह दूसरी घटना है। इसी साल अगस्त में कंटेंट क्रिएटर अनंत ने सोशल मीडिया पर बताया था कि शिजूओका प्रांत में एक स्टोर में उन्हें नस्लभेद और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था।
