अहमदाबाद/जामनगर : उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी की पहल पर असम में जन्मे सात सप्ताह के हाथी के बच्चे 'राजा' को इलाज के लिए विशेष विमान से गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा पहुंचाया गया है। बताया गया है कि जन्म के समय राजा की पिछले पैर की जांघ की हड्डी टूट गई थी, जिसके बाद उसे कई अन्य दिक्कतें भी हुईं। राजा के ठीक न होने पर उसके मालिक ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से अपील की थी, जिसके बाद वनतारा की टीम से संपर्क किया गया।

एक बयान के अनुसार राजा का जन्म 2 अक्टूबर 2026 को असम के गोगामुख में हुआ था। जन्म के समय उसकी मां की उम्र करीब 11 साल थी। बताया गया कि जन्म के बाद मां ने उसे पैर मार दिया, जिससे उसके दाहिने पिछले पैर की जांघ (फीमर) की हड्डी पूरी तरह टूट गई। इस चोट के कारण राजा खड़ा नहीं हो पा रहा था और अपने पैरों पर वजन भी नहीं डाल सकता था। यह भी सामने आया कि हथिनी के शुरुआती दूध में कोलोस्ट्रम नहीं मिल पाया था, जो नवजात हाथियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए बेहद जरूरी होता है।

राजा के मालिक और देखभाल करने वालों ने विशेष इलाज के लिए वनतारा से मदद मांगी थी। इसके बाद 8 अक्टूबर को वनतारा की रैपिड रिस्पॉन्स टीम राजा तक पहुंची। एक्स-रे में पता चला कि उसकी टूटी हुई हड्डी के दोनों हिस्से अपनी जगह से खिसक गए हैं। डॉक्टरों ने उसके पैर को प्लास्टर और पट्टियों से स्थिर किया तथा सहारा देने के लिए स्लिंग का इस्तेमाल किया, ताकि वह खड़ा हो सके और घायल पैर पर दबाव न पड़े। राजा की नाजुक हालत को देखते हुए सड़क मार्ग से 2,500 किलोमीटर से अधिक की यात्रा को जोखिम भरा माना गया था, जबकि विमान से यह सफर करीब चार घंटे में पूरा किया गया।

राजा को गुवाहाटी से जामनगर तक विशेष विमान से लाया गया। उसके लिए खास तरह का क्रेट तैयार किया गया था, जिसमें मुलायम बिस्तर लगाया गया था, ताकि सफर के दौरान उसके घायल पैर को सहारा मिल सके और शरीर पर दबाव न पड़े। पूरी यात्रा में वनतारा के पशु चिकित्सक, पैरावेट्स और देखभाल करने वाले उसके साथ मौजूद रहे और लगातार उसकी हृदय गति, सांस, शरीर का तापमान, ब्लड शुगर और शरीर में पानी की मात्रा पर नजर रखी। जामनगर पहुंचने के बाद राजा को वनतारा के विशेष हाथी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी पूरी मेडिकल जांच, दर्द का इलाज, हड्डियों का उपचार, चलने-फिरने की ट्रेनिंग और पोषण संबंधी देखभाल की जाएगी। बयान के अनुसार यह भारत में अनंत अंबानी की मदद से किया गया इस तरह का तीसरा एयरलिफ्ट ऑपरेशन है।