तेहरान: ईरान ने सोमवार को कहा कि अगर अमेरिका अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करे और तेहरान की ओर से रखी गई शर्तों को माने, तो होर्मुज जलडमरूमध्य और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बहुत कम समय में फिर से बहाल की जा सकती है। ईरान पहले भी कह चुका है कि जब तक अमेरिका शर्तों को नहीं मान लेता, वह होर्मुज को नहीं खोलेगा। वहीं, अमेरिका ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान होर्मुज में हमले जारी रखता है तो उसके खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई की जा सकती है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, यह बात ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने तेहरान में अपनी साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही।
बाघेई विदेश मंत्री अब्बास अराघची के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर अमेरिका अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करे तो होर्मुज जलडमरूमध्य को दो घंटे के भीतर फिर से खोला जा सकता है। बाघेई ने कहा कि ईरान अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अगर दूसरा पक्ष जरूरी शर्तें पूरी करता है, तो ईरान भी अपनी प्रतिबद्धताएं सबसे कम समय में लागू कर सकता है।
प्रवक्ता ने कहा कि ईरान कोई असामान्य मांग नहीं कर रहा, बल्कि सिर्फ अपने वैध अधिकारों की बात कर रहा है। ये ईरानी जनता के अधिकारों का अभिन्न हिस्सा हैं। परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) से बाहर निकलने की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय को इस संबंध में कोई आधिकारिक फैसला नहीं बताया गया है। ईरान वर्ष 1970 से एनपीटी का सदस्य है।
अमेरिकी मीडिया में आई उन रिपोर्टों पर भी बाघेई ने प्रतिक्रिया दी, जिनमें ईरान के बांधों को सैन्य प्रतिष्ठान के रूप में दिखाया गया था। इन प्रतिष्ठानों पर संभावित हमले की स्थिति में ईरान की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "वे ऐसा करने की हिम्मत नहीं करेंगे।" उधर, ट्रंप ईरान को लेकर लगातार अपने बयान बदल रहे हैं। कभी वह ईरान को युद्ध की धमकी देते हैं तो कभी नए हमले से इनकार कर रहे हैं।
