ईरान युद्ध को लेकर राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और कांग्रेस के बीच मतभेदों के कारण पेंटागन की 350 अरब डॉलर की धन मांग अटक गई है। संघीय सरकार के खर्च की समयसीमा 11 दिसंबर को समाप्त हो रही है, लेकिन कांग्रेस ने अभी तक इस मांग पर कोई निर्णय नहीं लिया है। इसके बाद क्रिसमस की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी, जिससे इस प्रस्ताव पर आगे कार्रवाई नहीं हो पाएगी।
पेंटागन की मांग वाले प्रस्ताव को पारित करने के लिए सीनेट में 100 में से 60 सदस्यों का समर्थन जरूरी है, लेकिन सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी के पास इतने सदस्य नहीं हैं। इसके अलावा ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के कई सीनेटर भी ईरान युद्ध का विरोध कर रहे हैं। इस वजह से सरकार के लिए यह प्रस्ताव पारित कराना मुश्किल हो गया है।
संसद और सरकार के बीच मतभेद जनवरी से और बढ़ने की आशंका है, क्योंकि तब मध्यावधि चुनाव में जीतकर आए सांसद भी सदन की कार्यवाही में शामिल हो जाएंगे। मध्यावधि चुनाव परिणाम के अनुसार सीनेट और प्रतिनिधि सभा, दोनों सदनों में रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत खत्म हो जाएगा। इसके बाद ट्रंप के लिए अपनी सरकार चलाना और मुश्किल हो जाएगा।
