संगीतकार इस्माइल दरबार को अपनी मां की मौत के मामले में 17 साल बाद अदालत से राहत मिली है। सूरत की एक अदालत ने डॉ. परेश भजियावाला को मेडिकल लापरवाही का दोषी ठहराते हुए दो साल की जेल की सजा सुनाई है। मामला इस्माइल दरबार की मां जैतून बीबी की 2009 में हुई मौत से जुड़ा है।
ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट पी. सुराणा ने भारतीय दंड संहिता की धारा 338 के तहत डॉक्टर को दोषी माना और दो साल कैद के साथ 1,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। अदालत ने माना कि इलाज के दौरान बरती गई लापरवाही से 70 वर्षीय मरीज की मौत हुई। सूरत के एक अस्पताल में उनके शरीर के नीचे रातभर गर्म पानी का बैग छोड़ दिया गया था, जिससे उनकी पीठ बुरी तरह जल गई और तबीयत बिगड़ती चली गई।
जानकारी के अनुसार जैतून बीबी को पीठ में दर्द थी। शिकायत के बाद अस्पताल की ओर से सिकाई के लिए थैली दी गई, लेकिन रात में उसे हटाना भूल गए। रातभर गर्म थैली पीठ के नीचे रहने से वह जल गई। करीब डेढ़ महीने तक आईसीयू में इलाज चलने के बाद 11 फरवरी 2009 को उनका निधन हो गया।
अभियोजन पक्ष की ओर से शिकायतकर्ता के वकील केतन रेशमवाला के नेतृत्व में सबूत पेश किए गए और 16 से अधिक गवाहों से पूछताछ की गई। इन गवाहों में इस्माइल दरबार के परिवार के सदस्य, इलाज में शामिल विशेषज्ञ डॉक्टर, अन्य डॉक्टर और पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर शामिल थे।
