अमेरिकी वैज्ञानिकों के संगठन 'फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स' (FAS) के 'न्यूक्लियर इंफॉर्मेशन प्रोजेक्ट' ने 'इजरायल परमाणु हथियार-2026' नाम से एक रिसर्च रिपोर्ट प्रकाशित की है। रिपोर्ट के मुताबिक इजरायल अपने परमाणु हथियारों को अपग्रेड कर रहा है। इजरायल परमाणु हथियार होने की बात न नकारता है और न ही मानता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021 के आकलन के अनुसार इजरायल के पास अभी भी 90 परमाणु हथियार हो सकते हैं और उसने कोई नया परमाणु हथियार नहीं बनाया है। आकलन है कि इजरायल ने करीब 800 से 1000 किलोग्राम प्लूटोनियम जमा कर लिया है, जिससे वह 100-200 अलग-अलग क्षमता वाले नये परमाणु हथियार बना सकता है। रिपोर्ट के अनुसार इजरायल लड़ाकू विमानों, जेरिको बैलिस्टिक मिसाइलों और डॉल्फिन क्लास की पनडुब्बियों से परमाणु हमला करने की अपनी क्षमता तेजी से बढ़ा रहा है। करीब 50 जेरिको मिसाइलों का अनुमान है, जिनकी रेंज 1500 किलोमीटर से बढ़ाकर 4000 किलोमीटर तक कर दी गई है।
नेगेव रेगिस्तान स्थित शिमोन पेरेस नेगेव न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर (डिमोना) में गहरी खुदाई, नई भूमिगत सुरंगें और गोलाकार संरचनाएं देखी गई हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि यहां का रिएक्टर का जीवनकाल खत्म होने वाला है, लेकिन इजरायली वैज्ञानिक इसे 2040 तक चालू रखना चाहते हैं। 2026 की सैटेलाइट तस्वीर में दिख रहा गोलाकार ढांचा नया न्यूक्लियर रिएक्टर या स्टोरेज टैंक हो सकता है। इजरायल NPT पर दस्तखत करने वाला देश नहीं है, इसलिए वह किसी और देश से न्यूक्लियर रिएक्टर नहीं खरीद सकता।
रिपोर्ट के मुताबिक इजरायल के पास अभी 6 डॉल्फिन क्लास पनडुब्बियां हैं और जर्मनी से तीन नेक्स्ट जनरेशन पनडुब्बियों के लिए समझौता हुआ है, जो 2030 के करीब मिलनी शुरू होंगी। इजरायल अपनी पनडुब्बियों को हाइफा नौसैनिक बेस से संचालित करता है, जिसका पिछले कुछ वर्षों में काफी विस्तार किया गया है। रिसर्चर्स का मानना है कि इजरायल के पास फाइटर जेट्स से परमाणु हमले की सीमित क्षमता है और तेल नोफ तथा हत्ज़ेरिम एयर बेस शायद परमाणु मिशन के लिए डिजाइन किए गए हैं।
