तेल अवीव: इजरायल में गादी आइजेनकॉट की यशर पार्टी और बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के बीच मिली-जुली सरकार बनाने पर हुई बातचीत बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई है। रविवार को हर्जलिया के डैन अकाडिया होटल में दोनों पार्टियों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जो चार घंटे से ज्यादा चली, लेकिन मुख्य मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। लिकुड की ओर से सांसद ओफिर काट्ज और वकील माइकल राबिलो तथा यशर की ओर से सांसद चिली ट्रोपर और सलाहकार योआव होरोविट्ज बैठक में शामिल हुए। दोनों पक्ष इस सप्ताह के अंत में फिर मिलने पर सहमत हुए हैं।
इजरायली मीडिया के मुताबिक, इस बैठक में यूनिटी सरकार के नेतृत्व को लेकर नेतन्याहू और आइजेनकॉट के बीच रोटेशन समझौते यानी बारी-बारी से प्रधानमंत्री बनने की संभावना पर कोई चर्चा नहीं हुई। इसे बातचीत की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक माना जा रहा है। कार्यवाहक प्रधानमंत्री नेतन्याहू और विपक्ष के नेता आइजेनकॉट के बीच इस पर भी सहमति नहीं बन पाई है कि यूनिटी सरकार का नेतृत्व कौन करेगा और कट्टर दक्षिणपंथी इतामार बेन-गवीर इसमें शामिल होंगे या नहीं। लिकुड बेन-गवीर को सरकार में शामिल करना चाहती है, जबकि यशर ने उन्हें बाहर रखने पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर में हुए चुनावों के बाद राष्ट्रपति ने आइजेनकॉट को सरकार बनाने का न्योता दिया है। उनके पास 6 दिसंबर तक का समय है, जिसे 14 दिनों तक बढ़ाया जा सकता है। उन्हें बहुमत जुटाने में दिक्कत आ रही है। इस बीच नेतन्याहू ने एकता सरकार बनाने का आह्वान किया है और कहा है कि अरब पार्टियों के बिना नई सरकार बनाने का यही एकमात्र तरीका है। टुगेदर पार्टी के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने 'टुगेदर', 'यशर', 'लिकुड' और अविग्डोर लिबरमैन की 'यिसराएल बेइतेनु' के गठबंधन का प्रस्ताव रखा है, जिसमें आइजेनकॉट पहले प्रधानमंत्री बनेंगे और नेतन्याहू उनके उत्तराधिकारी होंगे। नेतन्याहू पहले प्रधानमंत्री बनने पर जोर दे रहे हैं, जबकि लिबरमैन ने नेतन्याहू की सरकार में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है।
इजरायल की 120 सदस्यीय संसद (नेसेट) के लिए 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में किसी भी एलायंस को बहुमत यानी 61 सीटें नहीं मिलीं। आइजेनकॉट के नेतृत्व वाले गठबंधन को 48 और नेतन्याहू के सत्तारूढ़ गठबंधन को 53 सीटें मिली हैं। अरब पार्टियों जॉइंट लिस्ट और राआम ने 19 सीटें जीती हैं, लेकिन मुख्य यहूदी दल इनका सहयोग लेने से बच रहे हैं। राष्ट्रपति हर्जोग ने आइजेनकॉट को सरकार बनाने का मौका दिया है और उन्हें दिसंबर के पहले हफ्ते तक बहुमत जुटाना है। आइजेनकॉट के विफल रहने पर राष्ट्रपति किसी दूसरे उम्मीदवार को सरकार बनाने का मौका दे सकते हैं। सरकार नहीं बन पाने की स्थिति में नेसेट भंग होगी और नए सिरे से चुनाव कराए जाएंगे।
