हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में 'वोट चोर गद्दी छोड़' का नारा लगाकर विवादों में घिरे इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने सफाई दी है। इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस नारे का मकसद भारत की घरेलू राजनीति में हस्तक्षेप करना नहीं था। उन्होंने दावा किया कि यह नारा भारतीय विपक्ष के साथ एकजुटता दिखाने के लिए था और किसी के साथ खड़ा होना हस्तक्षेप नहीं कहलाता। फिलिबेक ने कहा कि उनकी पार्टी दुनिया भर के समाजवादी और लोकतांत्रिक लोगों के साथ काम करती है और उनके विचार यूरोपीय सीमाओं तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में बड़ा सवाल खड़ा हुआ है, इसलिए उनका कर्तव्य है कि वे राहुल गांधी जैसे लोगों के साथ खड़े हों।
विवाद की शुरुआत हैदराबाद में भारत समिट के दौरान हुई, जब फिलिबेक ने यह नारा लगाया और इस दौरान राहुल गांधी हंसते हुए नजर आए थे। भारतीय जनता पार्टी ने इसे देश का अपमान करार दिया और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विदेशी नेता देश की राजनीति का मजाक उड़ा रहा था, जबकि नेता प्रतिपक्ष हंस रहे थे। इटली में प्रधानमंत्री मेलोनी की पार्टी ने भी फिलिबेक पर हमला बोला और कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को वोटिंग के बारे में ज्ञान देने की जरूरत नहीं है।
मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है, जहां सोशल मीडिया से फिलिबेक के नारे का वीडियो हटाने की मांग वाली याचिका दायर की गई है। अदालत ने इस पर 20 नवंबर को सुनवाई की तारीख तय की है। अधिवक्ता सैयद रिजवान अहमद ने आरोप लगाया कि फिलिबेक ने सरकार की आलोचना और विपक्ष के प्रति खुला समर्थन व्यक्त करके भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और घरेलू राजनीति में सीधा हस्तक्षेप किया है। याचिका में यह भी कहा गया कि एक विदेशी राजनेता की ऐसी टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं हैं।
कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपने अभियान में 'वोट चोर गद्दी छोड़' नारे का इस्तेमाल करती है और दिल्ली में अपने आंदोलन के दौरान इसका जोरदार तरीके से उपयोग किया था। पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव फिलिबेक हैदराबाद समिट में शामिल अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों में थे, जहां उन्होंने अपने भाषण में यह नारा लगाया और विदेशी प्रतिनिधियों के लिए इसका अंग्रेजी में अनुवाद भी किया।
