रामपुर में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने सरकार के सामने दो विकल्प रखे। उन्होंने कहा कि उन्हें परिवार समेत इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए या पूरे परिवार को देश छोड़ने की इजाजत दी जाए। उन्होंने ईडी पर कोर्ट में गलत तथ्य पेश करने और झूठा शपथपत्र देने के आरोप लगाए।

आजम खान ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि 31 अक्टूबर को जेल से रिहा होने के बाद ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के संबंध में कोर्ट में जो सबूत पेश किए गए, वे झूठे थे। उनका आरोप है कि ईडी बिना वारंट गिरफ्तारी करने पहुंची थी और कोर्ट को गुमराह किया गया।

उन्होंने कहा कि ईडी जिस अंगूठे का हवाला दे रही है, वह रामपुर जेल का नहीं, बल्कि दिल्ली में रिमांड के दौरान हुई पूछताछ से जुड़ा है। बेवजह परेशान किए जाने से आहत होकर उन्होंने सरकार से परिवार समेत इच्छा मृत्यु की अनुमति या पूरे परिवार को देश छोड़ने की इजाजत देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर कुछ लोगों को उनसे इतनी नफरत है, तो सरकार इन दो विकल्पों में से किसी एक पर विचार कर सकती है।

आजम खान ने कहा कि अगर उन्हें मालूम होता कि पढ़ने के बाद यूनिवर्सिटी बनाने का इरादा रखने पर उनके साथ ऐसा बर्ताव किया जाएगा और उन्हें जेल जाना पड़ेगा, तो वे रिक्शा चलाना पसंद करते। उन्होंने कहा कि वे अपने बच्चों से बीड़ी बनवाना पसंद करते, बजाय इसके कि उन्हें जेल की तकलीफें झेलते देखें। बीजेपी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि शिक्षा का मंदिर बनाने वाले एक मुसलमान को परेशान करके वे ज्यादा वोट हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हालात तेजी से बदले हैं और अब भविष्य के चुनाव जाति-धर्म के नाम पर नहीं लड़े जाएंगे।