ऋषिकेश में एक अमेरिकी पर्यटक नशे की हालत में लगातार हंगामा कर रहा है, जिससे स्थानीय लोग और व्यापारी परेशान हैं। पर्यटक की पहचान यूएसए निवासी राबिन शोरोश (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भारत घूमने आया है।

14 नवंबर को वीरभद्र मार्ग स्थित सीमा डेंटल कॉलेज के समीप नशे में उत्पात मचाने वाले इस पर्यटक का हंगामा अभी थमा नहीं है। वह कभी मुनिकीरेती, कभी तपोवन, तो कभी लक्ष्मणझूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में उत्पात मचा रहा है। गुरुवार को विदेशी पर्यटक ने कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के रोड पर एक बार फिर जमकर उत्पात मचाया और स्थानीय लोगों तथा लघु व्यापारियों के साथ अभद्रता की। इससे राहगीर भी परेशान हुए।

विदेशी नागरिक होने के कारण स्थानीय लोगों ने उस पर कोई कदम नहीं उठाया। स्थानीय अभिसूचना इकाई की ओर से दूतावास को इसकी सूचना दे दी गई है, लेकिन अभी तक उचित कार्रवाई नहीं हो पा रही है। सूत्रों के मुताबिक, अधिक नशा सेवन के कारण वह जगह-जगह हंगामा कर रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से कई बार समझा-बुझाकर उसे शांत कराया गया, लेकिन बाद में वह फिर क्षेत्र में उतापात मचाने लगता है। सूत्रों के अनुसार, उसे कई बार सरकारी अस्पताल और एम्स में उपचार के लिए रखा गया था, लेकिन वह मौका देखकर वहां से भाग जाता है।