दुनिया भर में ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6 (GTA-6) के लॉन्च को लेकर उत्साह है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर इस गेम का जिक्र करते हुए सरकार के कामों को साझा किया। उन्होंने 'जीटीए-5 और जीटीए-6 के बीच, यह है कैसे' शीर्षक से 10 स्लाइड पोस्ट कीं, जिनमें 2013 में आए ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-5 और अब आए इसके अगले संस्करण के बीच भारत में विकास कार्यों के संदर्भ में तुलना की गई। पोस्ट में कहा गया, "भारत एक बिल्कुल नया खेल खेल रहा है।"
अब कांग्रेस ने इस पर तंज कसा है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर अपनी राय रखते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री युवाओं तक पहुंच बनाने की बेताब कोशिश में जीटीए-5 और जीटीए-6 की तस्वीरों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह वीडियो गेम एक अपराधी जोड़ी की कहानी पर आधारित है और यह "कितनी उपयुक्त बात है।"
रमेश ने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया। मगर उनके पुराने बयानों के मुताबिक संकेत भाजपा की टॉप लीडरशिप की तरफ था। कांग्रेस भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर लगातार ऐसे आरोप लगाती रही है, जिसमें सबसे ज्यादा निशाने पर गृहमंत्री अमित शाह रहते हैं। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के इस कदम को युवाओं से जुड़ने की एक बेताब कोशिश करार दिया है।
