बिहार के तेज गेंदबाज राघवेंद्र प्रताप ने इंदौर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में दिल्ली के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने चार ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट लिए और 15 गेंदों पर 25 रन बनाए। उनके शिकारों में यश ढुल, नितीश राणा और तेजस्वी धनोवा शामिल रहे। बल्लेबाजी में उन्होंने एक चौका और दो छक्के लगाए।

राघवेंद्र मूल रूप से पटना जिले के पालीगंज स्थित कौरी गांव के रहने वाले हैं, लेकिन उनकी पढ़ाई बांका में हुई। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा ललित गिरिश्वर स्कूल से और 12वीं तक की पढ़ाई आरएमके उच्च विद्यालय से पूरी की। उनके पिता संतोष कुमार पिछले 20 वर्षों से बांका में शारीरिक शिक्षक के रूप में सेवा दे रहे हैं। मां किरण देवी गृहिणी हैं। राघवेंद्र एक भाई और एक बहन में सबसे बड़े हैं।

पिता के अनुसार, राघवेंद्र को बचपन से ही क्रिकेट का जुनून रहा है। शुरुआत में वह गली और स्थानीय मैदानों में छोटे बच्चों के साथ खेलने जाते थे। स्कूली प्रतियोगिताओं के बाद उन्होंने अंडर-16, विजय मर्चेंट, कूच बिहार और सीके नायडू ट्राफी सहित विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। क्रिकेट की बारीकियां सीखने में उनके चाचा अनीश कुमार का भी अहम योगदान रहा है।

क्रिकेट में व्यस्तता के बावजूद राघवेंद्र ने पढ़ाई नहीं छोड़ी है। फिलहाल वे दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अंग्रेजी आनर्स से स्नातक कर रहे हैं। उनका सपना क्रिकेट में अपना करियर बनाना है। राघवेंद्र ने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों को घबराना नहीं चाहिए और सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का सपना देखना चाहिए।