पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड और नेपाल के बीच पर्यटन व हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए पंतनगर से काठमांडू के बीच सीधी विमान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों को जोड़कर 'एक तराई, दो राष्ट्र' नाम से संयुक्त पर्यटन सर्किट विकसित करने की रूपरेखा भी सामने रखी है। इसका उद्देश्य धार्मिक, वन्यजीव और थारू संस्कृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देकर सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
कैबिनेट मंत्री महाराज गुरुवार को नई दिल्ली में नेपाल दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से आयोजित नेपाल कालिंग डेस्टिनेशन प्रमोशन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों की साझा धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत है।
महाराज ने कार्बेट, नंधौर और नेपाल के शुक्लाफांटा राष्ट्रीय उद्यान को जोड़कर 'तराई आर्क टाइगर ट्रेल' विकसित करने का सुझाव दिया। खटीमा में थारू हेरिटेज होमस्टे क्लस्टर बनाने और टनकपुर के मां पूर्णागिरि धाम को नेपाल के सिद्ध बाबा मंदिर से जोड़कर संयुक्त धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने पर भी जोर दिया। इसके लिए बनबसा सीमा पर आवागमन सरल बनाने, साझा शटल सेवा और पर्यटक सूचना केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना की डीपीआर में जलाशय पर्यटन को शामिल करने, टनकपुर-महेंद्रनगर लिंक रोड का कार्य शीघ्र शुरू कराने और तराई-महाकाली पर्यटन सर्किट को स्वदेश दर्शन तथा प्रसाद योजना में प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने उत्तराखंड और नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रदेश के बीच संयुक्त पर्यटन कार्यदल बनाने का भी सुझाव दिया, जो साझा पर्यटन पैकेज और प्रचार के साथ साइकिल रैली तथा तराई बर्ड फेस्टिवल जैसे आयोजन कर सके।
