न्यूयॉर्क में एक संघीय न्यायाधीश शुक्रवार को भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को सजा सुनाएंगे। गुप्ता ने खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े आरोप इस साल की शुरुआत में स्वीकार किए थे। अभियोजन पक्ष ने उसके लिए 24 साल की जेल की सजा की मांग की है।
न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के संघीय न्यायाधीश विक्टर मारेरो स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे (भारतीय समयानुसार शुक्रवार शाम 8:30 बजे) गुप्ता को सजा सुनाएंगे। गुप्ता ने सुपारी देकर हत्या कराने, साजिश रचने और धनशोधन की साजिश रचने के आरोप स्वीकार किए थे।
पिछले सप्ताह अमेरिकी सरकार ने अदालत में कहा था कि वह गुप्ता के लिए 24 साल यानी 293 महीने की जेल की सजा चाहती है। अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडोनाल्ड ने न्यायाधीश मारेरो को सौंपे गए 20 पन्नों के दस्तावेज में कहा कि गुप्ता अमेरिका की धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की विदेशी साजिश में अहम भागीदार था। दस्तावेज के अनुसार, सरकार का कहना है कि सजा के वैध उद्देश्यों को पूरा करने के लिए सजा दिशानिर्देशों के तहत निर्धारित 235 से 293 महीने की अवधि में अधिकतम सजा देना जरूरी है।
अमेरिकी सरकार ने कहा कि गुप्ता और उसके सह-साजिशकर्ताओं ने, जिनमें कम से कम एक भारतीय सरकारी कर्मचारी भी शामिल था, अमेरिका में एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की साजिश रची थी। सरकार के अनुसार, इस साजिश के पीछे पीड़ित की राजनीतिक विचारधारा वजह थी। गुप्ता ने सजा को लेकर अदालत में अपनी अर्जी दाखिल कर कम सजा सुनाए जाने का अनुरोध किया है।
