कानपुर में गुरुवार को आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब सभागार में ‘जागरण विमर्श’ के द्वितीय सत्र में शहर के औद्योगिक भविष्य पर चर्चा हुई। ‘औद्योगिक विकास : संभावना और वास्तविकता’ विषय पर आयोजित इस सत्र में उद्यमियों और विशेषज्ञों ने कहा कि उद्योग नगरी की पुरानी गरिमा लौटाने के लिए उत्पादों की ब्रांडिंग, तकनीकी उन्नयन और एकल विंडो समन्वय जरूरी है। कार्यक्रम ‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित कानपुर’ की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

चर्चा में सीएलई मध्य क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष असद के. इराकी, रक्षा उद्यमी मनोज गुप्ता, नार्दर्न इंडिया होजरी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज बंका और संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार शामिल हुए। सत्र का संचालन लोकल इंचार्ज गौरव दीक्षित ने किया। असद के. इराकी ने कहा कि कानपुर के उत्पाद लंदन और अमेरिका के हाई-स्ट्रीट बाजारों में बिकते हैं और गुच्ची-प्राडा जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के लिए भी बनते हैं, लेकिन अपनी ब्रांडिंग न होने से सही कीमत नहीं मिलती। उन्होंने निफ्ट जैसे संस्थानों और उद्योग के बीच समन्वय तथा लखनऊ एयरपोर्ट को ‘कानपुर-लखनऊ एयरपोर्ट’ के रूप में विकसित करने की मांग की।

रक्षा उद्यमी मनोज गुप्ता ने कहा कि आज युद्ध तकनीक ड्रोन, एंटी-ड्रोन और माइक्रो मिसाइलों पर केंद्रित हो गई है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में सीधे अंतिम उत्पाद के बजाय ड्रोन के मोटर, स्ट्रक्चर और अन्य कंपोनेंट बनाने के अवसर हैं। तकनीक और गुणवत्ता में अपग्रेड न होने से सरकारी फैक्ट्रियां प्रतिस्पर्धा में पिछड़ीं। मनोज बंका ने कहा कि कभी ‘मैनचेस्टर ऑफ ईस्ट’ कहलाने वाला कानपुर तकनीक अपनाने में पिछड़ गया, जिससे तिरुपुर और लुधियाना जैसे शहर आगे निकल गए। आज होजरी और रेडीमेड उद्योग ही शहर की टेक्सटाइल विरासत बचाए हुए हैं। उन्होंने आधुनिक डिजाइन स्टूडियो और टेस्टिंग लैब की स्थापना तथा शहर की अपनी ब्रांडिंग की मांग की।

संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार ने कहा कि सभी विभागों की एकीकृत योजना के साथ विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की जरूरत है। ‘क्रीडा’ जैसी एकल नोडल संस्था से ऐसी समस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों में कानपुर क्षेत्र से रक्षा विनिर्माण लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाली इकाइयों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है, जो औद्योगिक पुनरुत्थान का शुभ संकेत है। सत्र के अंत में ओपन हाउस के दौरान वरिष्ठ साहित्यकार अशोक वाजपेयी ने आर्डिनेंस फैक्ट्रियों में घटते रोजगार का सवाल उठाया, जिस पर मनोज गुप्ता ने कहा कि तकनीक का प्रयोग नहीं करने से सरकारी फैक्ट्रियां पिछड़ गई हैं। अमित रुइया ने पेरिस-मिलान की तर्ज पर फैशन हब बनाने के सुझाव को लागू करने के लिए स्थानीय स्तर पर फैशन डिजाइनिंग शिक्षण केंद्र की स्थापना पर जोर दिया।